सावन के अंतिम चरण में झमाझम बारिश की झड़ी

सावन के अंतिम चरण में झमाझम बारिश की झड़ी

निवास तहसील में सर्वाधिक 89.2 मिमी बारिश

  • पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष अब तक 28.3 प्रतिशत कम बारिश
  • जिले में सामान्य की तुलना में 68.94 प्रतिशत वर्षा दर्ज

मंडला महावीर न्यूज 29. सावन माह के अंतिम चरण में मंडला जिले में मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। इस साल सावन की शुरुआत में बारिश कम रही, लेकिन अब माह समाप्त होने के कुछ दिन शेष रहते पिछले दो, तीन दिनों से झमाझम बारिश की झड़ी लगी हुई है। लगातार हो रही बारिश के बाद अब मौसम में ठंडक आ गई है।भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय द्वारा जारी दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार 22 अगस्त को पूरे जिले में कुल 220.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। 22 अगस्त तक जिले की विभिन्न तहसीलों में दर्ज वर्षा के अनुसार मंडला में 21.6 मिमी, नैनपुर में 19.2 मिमी, बिछिया में 21.8 मिमी, निवास में 89.2 मिमी, घुघरी में 17.6 मिमी तथा नारायणगंज में 50.8 मिमी वर्षा हुई। इनमें निवास तहसील में सबसे अधिक 89.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जिले की छह तहसीलों में अब तक कुल 5453.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके तहत नारायणगंज में 991.2 मिमी, घुघरी में 957.8 मिमी, बिछिया में 907.5 मिमी, निवास में 896.6 मिमी, मंडला में 870.9 मिमी और नैनपुर में 829.2 मिमी बारिश हुई है।

इस वर्ष अब तक 28.3 प्रतिशत कम बारिश 

जिले की सामान्य वार्षिक वर्षा 1326.2 मिमी है। रिपोर्ट के मुताबिक जिले में आज दिनांक तक सामान्य वर्षा की तुलना में 68.94 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है। हालांकि, पिछले वर्ष इसी अवधि की तुलना में इस वर्ष 28.3 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष जिले में कुल 1705.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।


Leave a Comment