जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने किया नारायणगंज क्षेत्र का भ्रमण
- पीडीएस, आंगनबाड़ी, अस्पताल और लोक सेवा केन्द्र का किया निरीक्षण
- ग्रामीणों की उर्वरक-मैपिंग की समस्या पर दिया शीघ्र निराकरण का भरोसा
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश में जारी जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने नारायणगंज क्षेत्र का सघन भ्रमण कर शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उचित मूल्य दुकान, आंगनबाड़ी केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और लोक सेवा केन्द्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
भ्रमण की शुरुआत मंगलगंज में सहकारी समिति द्वारा संचालित पीडीएस वितरण केन्द्र से हुई। यहाँ कलेक्टर ने मौजूद ग्रामीणों से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया। ग्रामीणों ने सहकारी समिति से उर्वरक मिलने और ग्राम की मैपिंग में आ रही तकनीकी समस्या से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर श्री धोटे ने स्पष्ट किया कि इसका शीघ्र निराकरण कराया जाएगा।
इसके बाद कलेक्टर ग्राम चिरईडोंगरी के नवीन आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचे। उन्होंने केन्द्र में बच्चों के वजन, सैम-मैम श्रेणी के बच्चों की स्थिति, खेलकूद सामग्री और पोषण आहार की उपलब्धता की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से उपस्थिति और वितरण पंजी का भी अवलोकन किया। उन्होंने सीडीपीओ को निर्देशित किया कि सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में बाल पंजी को नियमित रूप से अद्यतन किया जाए, ताकि बच्चों की सही ट्रैकिंग हो सके।
नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंजीयन काउंटर, ओपीडी, दवा वितरण केन्द्र, एनआरसी और दवा स्टोर का निरीक्षण किया। जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से उन्होंने आत्मीय चर्चा कर उनका कुशलक्षेम पूछा और मिल रही सुविधाओं के बारे में जाना। एनआरसी में भर्ती बच्चों के परिजनों से भी उन्होंने भोजन, देखभाल और परामर्श सुविधाओं पर फीडबैक लिया।
भ्रमण के अंतिम चरण में कलेक्टर नारायणगंज के लोक सेवा केन्द्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से लोगों को बहुत कम शुल्क में शासकीय सेवाएं मिलती हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में लोग लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और आवश्यकता पडऩे पर गांव में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक करें।

उन्होंने जिला प्रबंधक लोक सेवा को केन्द्र में निरीक्षण पंजी बनाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीना, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहन्ती, एसडीएम निवास सीएल वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









