240 किलोमीटर की डाक कांवड़ यात्रा
12 घंटे में अमरकंटक से नर्मदा जल लेकर भापसा पहुंचे 40 शिवभक्त
- प्राचीन शिव मंदिर में गूंजे जयकारे
- शिव शंकर समिति के कांवड़ियों का ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. भगवान शिव के प्रति अगाध आस्था और भक्ति का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए शिव शंकर समिति भापसा के 40 युवाओं ने 240 किलोमीटर लंबी कठिन डाक कांवड़ यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की है। इन शिवभक्तों ने अमरकंटक से पवित्र नर्मदा जल उठाकर मात्र 12 घंटे में इस लंबी दूरी को तय किया और भापसा पहुंचकर प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।
भजन-कीर्तन के साथ अमरकंटक से शुरू हुई यात्रा
जानकारी अनुसार शिव शंकर समिति के सभी 40 शिवभक्त रविवार रात को ही अमरकंटक पहुंच गए थे। अमरकंटक पहुंचने पर समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई। सोमवार की सुबह स्नान-ध्यान और भजन-कीर्तन के बाद ठीक 6 बजे नर्मदा जल के साथ डाक कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए शिवभक्तों की टोली लगातार बिना रुके यात्रा करते हुए सोमवार शाम को भापसा पहुंची।
ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत, मंदिर में हुआ अभिषेक
शाम के समय जैसे ही डाक कांवड़ यात्रा ने भापसा गांव में प्रवेश किया, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और उत्साह के साथ कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरे गांव का माहौल शिवमय हो गया और हर तरफ ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजने लगे।
स्वागत पश्चात सभी शिवभक्त पवित्र नर्मदा जल लेकर सीधे गांव के प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने पूर्ण विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। युवाओं की इस 240 किलोमीटर की संकल्पबद्ध डाक कांवड़ यात्रा को लेकर पूरे गांव में भारी उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।









