सहजनी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात
रोपा लगाने खेत गया था परिवार, सूने घर से लाखों के जेवर व नकदी पार
- टिकरिया थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक
- ताला तोड़कर घर से उड़ाए लाखों के जेवरात
- फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिरईडोंगरी के पोषक ग्राम सहजनी टिकरिया थाना क्षेत्र में शनिवार, 15 अगस्त को दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद रविवार को फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस वारदात से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी अनुसार ग्राम सहजनी निवासी पीडि़त गिरवन मरावी का परिवार शनिवार दोपहर को अपने खेतों में धान का रोपा लगाने के लिए गया हुआ था। दोपहर करीब 12 से 2 बजे के बीच घर पर कोई मौजूद नहीं था और मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था। इसी सूनेपन का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से घर का ताला तोड़ दिया और भीतर प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया।
लाखों के जेवर और नकदी किये पार
जब परिवार के सदस्य खेत से काम पूरा कर वापस लौटे, तो घर का ताला टूटा और सारा सामान अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने बताया कि चोरों ने इत्मीनान से घर के अंदर रखी अलमारी और बक्सों को खंगाला। चोर घर से चांदी के तीन करधन, मंगलसूत्र, पायल, कंगन, झुमकी और अन्य सोने-चांदी के जेवर ले उड़े। इसके साथ ही घर में रखे 20 हजार रुपए नकद भी चोरों ने पार कर दिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 5 से 7 लाख रुपए के बीच आंकी जा रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
चोरी की सूचना मिलते ही शनिवार को टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटाकर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
ग्रामीणों में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग
बताया गया कि घटनास्थल सहजनी गांव मुख्य हाईवे से महज एक किलोमीटर अंदर स्थित है। हाईवे के इतने करीब दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने ग्रामीणों को गहरी चिंता में डाल दिया है। क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की वारदातों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द अज्ञात चोरों की धरपकड़ की मांग की है। पीडि़त परिवार फिलहाल गहरे सदमे में है।









