मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बच्चों के साथ किया विशेष भोज
शासकीय माध्यमिक शाला जंतीपुर में आत्मीय माहौल में विद्यार्थियों के साथ बैठकर किया भोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों में विशेष भोज का आयोजन किया गया। इसी क्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके शासकीय माध्यमिक शाला जंतीपुर में आयोजित विशेष भोज में शामिल हुईं। उन्होंने भोजन से पूर्व मां सरस्वती का पूजन किया और विद्यार्थियों के साथ विशेष भोज में सहभागिता की।
मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विद्यार्थियों के बीच पंक्ति में बैठकर आत्मीय वातावरण में भोजन किया। मंत्री को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनके साथ सहज एवं आत्मीय संवाद किया।
विशेष भोज में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, अपर कलेक्टर श्री हुनेद्र घोरमारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम एवं एसडीएम निवास श्री सी.एल. वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा ग्राम के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ विशेष भोज में सहभागिता की।
बच्चों को वितरित किए स्कूल बैग
विशेष भोज के अवसर पर मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग भी वितरित किए। स्कूल बैग पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।










