स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें- मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके
- सांस्कृतिक पहचान को सहेजते हुए विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी- मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके
- मंडला में गरिमामय माहौल में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
- मुख्य अतिथि मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने किया ध्वजारोहण
मंडला महावीर न्यूज 29. देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडला पुलिस ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके रहीं। मुख्य अतिथि के आगमन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। राष्ट्रगीत के पश्चात मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह स्थल देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात हर्ष फायर हुआ। मुख्य अतिथि ने परेड मार्च का अवलोकन किया तथा परेड कमांडर से परिचय प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ सीधा प्रसारण
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्रीमती संपतिया उइके ने अपना बधाई संदेश एवं उद्बोधन दिया।
विकास कार्यों से मंडला को मिल रही नई दिशा: मंत्री श्रीमती संपतिया उइके
अपने उद्बोधन में श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष और बलिदान से हमें स्वतंत्र भारत मिला। आज हमारा दायित्व है कि हम उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार मंडला के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जिले में खेल एवं युवा कल्याण के क्षेत्र में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए 6 करोड़ 95 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इससे युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। मंडला में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय के निर्माण के लिए 1.15 करोड़ रुपये, नैनपुर में संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय के लिए 11.06 करोड़ रुपये तथा मंडला में तहसील कार्यालय भवन के लिए 8.10 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। इसी प्रकार विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं अधोसंरचना के विकास पर भी कार्य जारी है।
मुख्य अतिथि श्रीमती उइके ने कहा कि मंडला के विकास में सड़क एवं पुल निर्माण की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले में विभिन्न सड़क एवं पुल परियोजनाओं पर बड़े पैमाने पर कार्य किया जा रहा है। मंडला से डिंडोरी मार्ग के निर्माण के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है तथा कार्य प्रगति पर है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत भी अनेक सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मिल रहा विस्तार
मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मंडला जिला चिकित्सालय परिसर में क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण के लिए 16.63 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। साथ ही अस्पताल की अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए अन्य निर्माण कार्य भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण और उन्नयन पर भी कार्य किया जा रहा है। इससे जिले के नागरिकों को अपने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
शिक्षा के क्षेत्र में भी हो रहा व्यापक कार्य
मुख्य अतिथि ने कहा कि मंडला के बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। जिले में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूलों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही विद्यालयों के निर्माण एवं उन्नयन के कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण का आधार है। इसलिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

जनजातीय संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा
श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि मंडला की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक संपदा से है। जिले में विकास के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से मंडला में अपार संभावनाएं हैं और इन संभावनाओं को विकसित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मंडला की सांस्कृतिक पहचान को सहेजते हुए विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शहीद परिवारों का किया सम्मान
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों तथा कारगिल में शहीद हुए वीर सैनिकों के परिवारों का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती संपतिया उइके ने शहीद परिवारों के सदस्यों का सम्मान कर राष्ट्र के लिए उनके त्याग, साहस और सर्वाेच्च बलिदान को नमन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मौंटफोर्ट हायर सेकेंडरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मंडला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘सारे जहां से अच्छा’ गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर खूब सराहना प्राप्त की। द्वितीय स्थान रानी अवंती बाई हायर सेकेंडरी स्कूल, मंडला, तृतीय स्थान शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय, मंडला तथा सांत्वना पुरस्कार ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मंडला को प्राप्त हुआ।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया पुरस्कृत
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सम्मानित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
स्वतंत्रता दिवस पर पर्यावरण प्रहरी श्री उत्तम नंदा सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में कन्हरगांव के निवासी एवं समाजसेवी श्री उत्तम नंदा को उनके अतुलनीय पर्यावरणीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। श्री नंदा ने पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश करते हुए स्वयं के व्यय पर एक विस्तृत क्षेत्र में व्यापक पौधारोपण किया है। अत्यंत भीषण गर्मी और प्रतिकूल मौसम के बावजूद उन्होंने नियमित रूप से इन पौधों की सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित की, जिसके परिणामस्वरूप आज ये पौधे लहलहाते वृक्षों का रूप ले चुके हैं। उनके इस निस्वार्थ सेवा भाव और सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए प्रशासन द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी श्री शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मंडला जिले के विकास पर आधारित विकास पुस्तिका भी वितरित की गई।










