हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंडला पुलिस की भव्य बाइक रैली
तिरंगे की आन-बान-शान का दिया संदेश
- पुलिस लाइन से निकली तिरंगा बाइक रैली
- शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होते हुए रक्षित केंद्र में हुआ समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत आज दिनांक 15 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में मंडला पुलिस द्वारा भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, तिरंगे की आन-बान-शान, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
कलेक्टर की उपस्थिति में पुलिस लाइन से प्रारंभ हुई रैली
तिरंगा बाइक रैली का शुभारंभ पुलिस लाइन मंडला से हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की उपस्थिति रही। रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला श्री शिव कुमार वर्मा, रक्षित निरीक्षक श्री सुनील नागवंशी, थाना प्रभारी कोतवाली श्री शफीक खान, थाना प्रभारी महाराजपुर श्री जय सिंह यादव, यातायात प्रभारी श्री ललित धुर्वे, महिला थाना प्रभारी श्रीमती ममता परस्ते, सूबेदार श्री योगेश राजपूत एवं सूबेदार श्री विवेक करोसिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से गुजरी तिरंगा बाइक रैली
पुलिस लाइन मंडला से प्रारंभ हुई रैली थाना कोतवाली एवं थाना महाराजपुर क्षेत्रांतर्गत शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होकर गुजरी। रैली में शामिल पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी राष्ट्रीय ध्वज के साथ आगे बढ़े तथा हर घर तिरंगा’, तिरंगे की आन-बान-शान एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश नागरिकों तक पहुंचाया। रैली का समापन रक्षित केंद्र मंडला में हुआ।
पुलिसकर्मियों ने दिया राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश
रैली का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, स्वतंत्रता दिवस की गरिमा तथा देश की एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूक करना रहा। तिरंगा बाइक रैली के दौरान पुलिसकर्मियों की सहभागिता ने राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।










