6 साल पुराने अंधे कत्ल का किया पर्दाफाश

मंडला पुलिस को बड़ी सफलता

रानू नंदा हत्याकांड समेत 6 साल पुराने अंधे कत्ल का किया पर्दाफाश

  • पहचान छिपाने के लिए जलाया था महिला का शव
  • पुलिस जांच में खुले 2020 के एक और हत्याकांड के राज

मंडला महावीर न्यूज 29.  मंडला पुलिस ने दो अंधी हत्याओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन और एसडीओपी पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने हाल ही में हुई रानू नंदा की हत्या के साथ-साथ थाना बम्हनी अंतर्गत वर्ष 2020 के एक 6 साल पुराने लंबित हत्याकांड की गुत्थी भी सुलझा ली है। इस महत्वपूर्ण खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹10,000 के इनाम की घोषणा की गई थी

जले हुए शव से शुरू हुई जांच

पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डुंगरिया-बंहेगा के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा 5 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान हिरदेनगर चौकी में 30 जुलाई 2026 को दर्ज रानू नंदा की गुमशुदगी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस रामसिंह चक्रवर्ती तक पहुंची

नागपुर घुमाने के बाद जंगल में की हत्या

आरोपी रामसिंह ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह 25 जुलाई को रानू के साथ नागपुर गया था, जहाँ वे 31 जुलाई तक रहे। इसके बाद जबलपुर और घंसौर होते हुए वे नैनपुर पहुंचे। 3 अगस्त को रामसिंह और उसका साथी चंद्रशेखर पटेल, रानू को बैहंगा के पास सागौन बाड़ी क्षेत्र में ले गए। वहाँ झाड़ियों में ले जाकर रानू को कीटनाशक पिलाया गया और फिर काले स्टॉल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतका के चांदी के आभूषण, सोने का मंगलसूत्र, घटना में प्रयुक्त HF Deluxe मोटरसाइकिल और कीटनाशक की खाली डिब्बी बरामद कर ली है

पूछताछ में खुला 2020 के मर्डर का राज

रानू नंदा हत्याकांड की विवेचना के दौरान जब रामसिंह से सख्ती से पूछताछ की गई, तो थाना बम्हनी के वर्ष 2020 के एक अंधे कत्ल का भी पर्दाफाश हुआ। 20-21 नवंबर 2020 की रात रोशन लाल चक्रवर्ती की हत्या कर शव ग्राम सिलगी से 4 किलोमीटर दूर चिरई पहाड़ी के पास फेंक दिया गया था। क्रॉस-वेरिफिकेशन में रामसिंह ने इस हत्याकांड में अपनी तथा सुशील दत्त मिश्रा और संजू उर्फ संजय चक्रवर्ती की संलिप्तता भी कबूल कर ली है

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

  • रामसिंह चक्रवर्ती (38 वर्ष), निवासी देवगांव, थाना बम्हनी
  • चंद्रशेखर पटेल (30 वर्ष), निवासी देवगांव, थाना बम्हनी

इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में उप निरीक्षक हरछठ ठाकुर, एएसआई धीरज नाग, प्रधान आरक्षक उत्तम गोठरिया और आरक्षक अमित, आनंद, सुनील व श्रीराम की सराहनीय भूमिका रही


Leave a Comment