देशभक्ति के नारों के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा

घुघरी में देशभक्ति के नारों के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा

छात्रों से लेकर अधिकारी और जनप्रतिनिधि हुए शामिल

मंडला महावीर न्यूज 29. स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर घुघरी मुख्यालय में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों से पूरे नगर को गुंजायमान कर दिया, जिससे समूचे अंचल का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।संदीपनी विद्यालय घुघरी के प्रभारी प्राचार्य कमलेश द्विवेदी ने बताया कि तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विद्यालय परिसर से किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष जनिया बाई मरावी मौजूद रही। यह भव्य यात्रा यहाँ से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, त्यागी चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी और अंतत: वापस संदीपनी विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह 

यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और राजनीतिक दलों के नेता भी दलगत भावना से ऊपर उठकर एक साथ नजर आए। अनुविभागीय अधिकारी सचिन जैन ने इस यात्रा में अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधियों ने एक साथ मिलकर पदयात्रा की और समाज को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

पुलिस की चाक-चौबंद रही व्यवस्था 

इस वृहद आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में घुघरी पुलिस की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे समय यात्रा के साथ मुस्तैद रहा। पुलिस टीम ने सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतरीन तरीके से सुचारू बनाए रखा। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों और आम नागरिकों के हुजूम ने घुघरी में देशभक्ति की एक नई मिसाल पेश की है। इस भव्य तिरंगा यात्रा ने नगरवासियों के दिलों में राष्ट्रीय भावना की अलख जगा दी।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


 

Leave a Comment