अज्ञात चोर का धावा, चोर के हौसले बुलंद, पुलिस नाकाम
बीजाडांडी हार्डवेयर दुकान से 25 हजार नगद और तार के बंडल चोरी
- पुलिस जांच में जुटी
- पुरानी चोरियों का भी अब तक नहीं हो सका है खुलासा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बीजाडांडी थाना अंतर्गत बीजाडांडी बाजार स्थित एक हार्डवेयर दुकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लगभग 30 हजार रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि इस पूरी चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी में स्पष्ट दिख रहा है कि चोर कैसे दुकान के अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अज्ञात चोर की तालाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ऋषभ साहू जो पेशे से जबलपुर कोर्ट में वकील हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि यह दुकान उनके पिता झुन्नी लाल साहू के नाम पर है और इसका संचालन उनका छोटा भाई ऋषि साहू करता है। 12 अगस्त की रात करीब 8 बजे ऋषि साहू दुकान बंद कर अपने घर बरेला चला गया था। इसके बाद दूसरे 13 अगस्त गुरूवार की सुबह करीब 10 बजे जब वह वापस लौटा और शटर खोला, तो देखा कि दुकान के बाजू में लगी टीन की चादर कटी हुई है। अज्ञात चोरों ने टीन की चादर काटकर दुकान के अंदर रखी सीढ़ी के सहारे भीतर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
अज्ञात चोर ने पार किये 30 हजार
बताया गया कि अज्ञात चोरों ने दुकान से करीब 30 हजार रूपए का सामान पार कर दिया है। जिसमें दुकान के दराज में रखे 25 हजार रुपये नगद, 4 नग तार के बंडल और दुकान के कुछ बिल और जरूरी दस्तावेज नहीं है। चोरी गए कुल सामान की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने जांच की शुरू
बताया गया कि दुकान संचालक ने चोरी की वारदात की शिकायत बीजाडांडी पुलिस में की। चोरी की सूचना मिलने के बाद बीजाडांडी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। मामले की आगे की जांच कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक अक्षय कुमार द्वारा की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में कैद अज्ञात चोर की पतासाजी शुरू कर दी गई।
बीजाडांडी पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
बताया गया कि बीजाडांडी थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीजाडांडी मुख्यालय सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं घटित हो चुकी हैं। हैरानी की बात यह है कि आज दिनांक तक पुलिस इन पुरानी चोरियों का खुलासा करने में पूरी तरह नाकाम रही है। अब तक किसी भी मामले में चोर पकड़े नहीं गए हैं, जिससे क्षेत्र में अज्ञात चोरों का भय बना हुआ है।










