भोपाल में आयोजित प्रांतीय प्रतिभा सम्मान समारोह में मंडला के मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित
- सिंधी समाज की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
- राज्य मंत्री लोधी ने 480 बच्चों को किया पुरस्कृत, मंडला के चार विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान
मंडला महावीर न्यूज 29. राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन सभागार में विगत दिवस सिंधी मेला समिति एवं भारतीय सिंधु सभा के संयुक्त तत्वावधान में प्रांतीय प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। इस समारोह में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित मंडला के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भोपाल दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने की। वहीं, इस अवसर पर भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश वाधवानी की भी विशेष रूप से उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंडला की इन प्रतिभाओं ने बढ़ाया जिले का मान
इस प्रांतीय समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सामाजिक प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसमें मंडला सिंधी समाज के होनहार विद्यार्थियों ने भी जिले का गौरव बढ़ाया। सम्मानित होने वालों में कक्षा 12वीं में 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली तमन्ना क्षत्री पिता जगदीश, माता वर्षा क्षत्री, 12वीं में 87.8 प्रतिशत अंक लाने वाली टिशा नागदेव पिता स्व. नरेश नागदेव, कक्षा 10वीं में 96 प्रतिशत हासिल करने वाली आयुषी सचदेव पिता जगदीश, माता नीलम सचदेव और 10वीं में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले प्रिंस नेभवानी पिता गुलाबचंद, माता पूनम नेभवानी शामिल हैं। बताया गया कि इस प्रांतीय आयोजन में शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाले प्रदेश भर के कुल 480 प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया।










