कुदरत की मार, किसानों की फसलें बर्बाद

मूसलाधार बारिश का कहर

जिले के नदी-नाले उफान पर, नारायणगंज के देवरी कला में किसानों की फसलें बर्बाद

  • कुदरत की मार, तेज बारिश से जलमग्न हुए खेत
  • पीडि़त किसान ने तहसील में आवेदन देकर लगाई मुआवजे की गुहार

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने अब रौद्र रूप धारण कर लिया है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। प्राकृतिक आपदा की इस मार का सबसे ज्यादा खामियाजा अन्नदाताओं को भुगतना पड़ रहा है। खेतों में अत्यधिक पानी भर जाने और जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने से कई किसानों की लहलहाती फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं। बारिश के इस कहर ने किसानों के माथे पर चिंता की गहरी लकीरें खींच दी हैं।जानकारी अनुसार जिले के नारायणगंज विकासखंड में भी बारिश का यह भयानक कहर स्पष्ट रूप से देखने को मिला है। ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम देवरी कला बबलिया में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। बताया गया कि बबलिया और आसपास के क्षेत्रों में कई किसानों की फसलें अत्यधिक बारिश के कारण खराब हो गई हैं। जिन किसानों ने अच्छी पैदावार की उम्मीद में खून-पसीना एक किया था, उनकी उम्मीदों पर अब बेमौसम और तेज बारिश का पानी फिर गया है।

पीडि़त किसान ने तहसील में दिया आवेदन 

पटवारी हल्का नंबर 53 के अंतर्गत आने वाले ग्राम देवरी कला बबलिया के निवासी पीडि़त किसान बाबूलाल यादव पिता हरी राम यादव ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि रविवार को हुई मूसलाधार बारिश ने उनकी पूरी फसल को तबाह कर दिया है। खेत में पानी भर जाने से फसल खराब हो गई है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

मुआवजे और सर्वे की मांग 

इस भारी क्षति के बाद राहत की उम्मीद में किसान बाबूलाल यादव ने नारायणगंज तहसील कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने प्रशासन का ध्यानाकर्षण करने के लिए तहसील में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है। अपने आवेदन में उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर खराब हुई फसल का तत्काल सर्वे कराया जाए। नुकसान का उचित आकलन कर शासन की ओर से उन्हें आर्थिक क्षतिपूर्ति मुआवजा दिलाई जाए, जिससे वे इस भारी संकट से उबर सकें।


Leave a Comment