मंडला में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
नदियों के उफान से कई मार्गों का टूटा संपर्क
- उफान पर नदियां, जलजीवन मिशन के पाइप बहे और कई प्रमुख मार्ग हुए बंद
- सड़कें बनीं तालाब, यातायात ठप
- निवास-शहपुरा मार्ग पर भारी जलभराव
- तेज बहाव में बहे पाइपों का ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश से जिले की सहायक नदियों के साथ-साथ छोटे नदी-नाले भी उफान पर आ गए हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
निवास विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बिझौली से कोहका मार्ग के बीच बहने वाली नगरार नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नाले के पूरी तरह उफान पर होने के कारण सड़क किनारे जलजीवन मिशन के तहत रखे गए कई भारी पाइप तेज बहाव में बह गए। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए जान जोखिम में डालकर कुछ पाइपों का रेस्क्यू कर लिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

सड़क बनी तालाब, प्रशासन की अनदेखी से स्थानीय लोगों में आक्रोश
लगातार बारिश के कारण निवास-शहपुरा मार्ग पर निवास नगर स्थित शिव मंदिर के सामने जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क ने पूरी तरह तालाब का रूप ले लिया है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। नगर वासियों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है; थोड़ी सी बारिश में ही जलभराव हो जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था के लिए प्रशासन से कई बार मांग की गई है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला।
नदियां उफान पर, घंटों थमा रहा वाहनों का पहिया
भारी बारिश के चलते क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। निवास-कालपी मार्ग में थानमंगांव के घुघरा के पास गौर नदी का पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे इस मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। निवास-शहपुरा मार्ग में महानदी उफान पर थी। जिसके कारण डिंडोरी जिले के शहपुरा विकासखंड के अंतर्गत बिछिया में महानदी भी उफान पर रही। इसके चलते निवास से शहपुरा मार्ग का संपर्क लगभग दो घंटे तक टूटा रहा। पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि इस दौरान कुछ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अपनी जान जोखिम में डालकर बहते पानी के बीच से पुल पार करते हुए भी नजर आए, जो किसी बड़े हादसे को न्यौता देने जैसा था।










