कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर मंडला में मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज का आयोजन

कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर मंडला में मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज का आयोजन

  • महाराजपुर की टीम करेगी राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व
  • पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में पीएम श्री कन्या उमावि ने मारी बाजी
  • विजेताओं को मिला शानदार टूर पैकेज

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड, स्कूल शिक्षा विभाग और जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपत्तियां उईके ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने इस क्विज को हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश को जानने, समझने और पर्यटन को बढ़ावा देने का एक अभिनव व सराहनीय प्रयास बताया।

केबीसी की तर्ज पर हुआ रोचक मुकाबला 

इस वर्ष की प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण इसका स्वरूप रहा, जिसे लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर आयोजित किया गया था। शुरुआत में पंजीकृत 167 टीमों के बीच लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद सर्वश्रेष्ठ 6 टीमों का चयन कर उनके बीच मल्टीमीडिया राउंड कराया गया। क्विज मास्टर अखिलेश उपाध्याय ने इस मल्टीमीडिया राउंड का संचालन बेहद शानदार और जीवंत तरीके से किया, जिससे कार्यक्रम में रोमांच बना रहा।

विजेता टीमें और पुरस्कार 

रोमांचक मुकाबले के बाद टॉप-6 विजेता टीमों की घोषणा की गई। इसमें पीएम श्री कन्या उमावि विद्यालय, महाराजपुर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब यह टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मंडला जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। अन्य विजेता टीमों में ज्ञानदीप विद्यालय, मंडला, शासकीय उमावि, हिरदेनगर, भारत ज्योति विद्यालय, मंडला, संदीपनी विद्यालय, चाबी, शासकीय उमावि, मधुपुरी शामिल रही। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, मेडल और आकर्षक टूर पैकेज देकर सम्मानित किया गया। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से विजेता टीमों को दो रात और तीन दिन तथा उपविजेता टीमों को एक रात और दो दिन का टूर पैकेज प्रदान किया गया।

आयोजन में इनका रहा महत्वपूर्ण योगदान 

इस क्विज प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कक्षा 9वीं से 12वीं तक के स्कूली विद्यार्थियों को प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और पर्यटन स्थलों से परिचित कराना है, जिसमें छात्र तीन-सदस्यीय टीमों के रूप में भाग लेते हैं। आयोजन को सफल बनाने में कलेक्टर मंडला एवं सीईओ जिला पंचायत के मार्गदर्शन में परियोजना अधिकारी डीएटीसीसी प्रभारी कपिल तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, सहायक संचालक एम.एस. सेंदराम, एपीसी समग्र शिक्षा मुकेश पांडे, सरदार पटेल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशीष ज्योतिषी और बघीरा रिसॉर्ट कान्हा के आशीष गुप्ता ने अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही विशेष तकनीकी संयोजन, स्कोरिंग एवं परीक्षा आयोजन में सुखदेव पद्म, अंकुश चौरसिया, महेंद्र श्रीवास, राकेश चौरसिया, योगेश चौरसिया, संजय सिंगौर, मंजूषा चौरसिया, शादाब खान, एहतेशाम नूर, सनातन सैनी और पुलकित यादव का विशेष सहयोग रहा।


 

Leave a Comment