अभियान का असर
बीजाडांडी पुलिस ने तीन फरार स्थाई और वसूली वारंटियों को किया गिरफ्तार
- थाना प्रभारी अनीता कुड़ापे के नेतृत्व में 3 वारंटी चढ़े पुलिस के हत्थे
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में फरार और स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीजाडांडी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना बीजाडांडी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन वारंटियों को विधिवत गिरफ्तार किया है।
बीजाडांडी पुलिस टीम ने सघन तलाशी अभियान के दौरान तीन वारंटियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। वारंटियों में दीपक वरकड़े स्थाई वारंटी, 46 वर्ष, पिता बशोरीलाल वरकड़े। इन्हें इनके निवास ग्राम चौरई जमठार से गिरफ्तार किया गया। अशोक परस्ते वसूली वारंटी, 36 वर्ष, पिता मुलैया परस्ते। इन्हें ग्राम घुघरी में मिलने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया और तारेन्द्र कोरी पिता हेमचंद कोरी। इन्हें बीजाडांडी में उपस्थित मिलने पर पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इसकी सूचना तत्काल उनके परिजनों को दे दी गई है।
इनकी रही विशेष भूमिका
यह संपूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस निवास के मार्गदर्शन में और थाना प्रभारी बीजाडांडी, निरीक्षक श्रीमती अनीता कुड़ापे के कुशल नेतृत्व में की गई। इस प्रभावी कार्रवाई में थाना बीजाडांडी के स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक जय पाण्डेय, आरक्षक आशीष, आरक्षक रमाकांत त्रिपाठी, चालक प्रधान आरक्षक विजय छिरा शामिल रहे। बताया गया कि थाना बीजाडांडी पुलिस द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और फरार व स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।










