पुलिस युवा सृजन संवाद का शुभारंभ

पुलिस युवा सृजन संवाद का शुभारंभ

एसपी राजेश रघुवंशी ने छात्राओं को दिया जागरूक व जिम्मेदार नागरिक बनने का मंत्र

  • स्कूली छात्राओं ने जाना थाने का कामकाज
  • साइबर सुरक्षा और अधिकारों की मिली सीख

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे नवाचार जन सुरक्ष, युवा सृजन संवाद कार्यक्रम का मंडला में शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने महाराजपुर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया और छात्राओं को एक आत्मविश्वासी तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।इस विशेष संवाद कार्यक्रम का लक्ष्य विद्यार्थियों के बीच कानून के प्रति सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जगाना है। इसके माध्यम से युवाओं को निम्नलिखित विषयों पर जागरूक किया जा रहा है। संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों की समझ विकसित करना। पुलिस के प्रति जनता और युवाओं का विश्वास बढ़ाना। साइबर सुरक्षा, इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग और आधुनिक तकनीकों के प्रति सतर्कता। महिला एवं बाल सुरक्षा, नशामुक्ति तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता।

एसपी ने दिया रचनात्मक और सुरक्षित जीवन का संदेश 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी राजेश रघुवंशी ने कहा कि छात्र जीवन भविष्य निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लें। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि वे मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करें तथा अनावश्यक स्क्रीन टाइम से बचें। एसपी ने स्पष्ट किया कि अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं। हर नागरिक को अपने अधिकारों को जानने के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।

छात्राओं ने किया थाने का शैक्षणिक भ्रमण 

कार्यक्रम के अंतर्गत मैं, मेरे अधिकार और मेरी जिम्मेदारियां तथा कानून, सुरक्षा एवं न्याय जैसे गंभीर विषयों पर सार्थक संवाद किया गया। इसके अलावा, विद्यालय की छात्राओं को थाना महाराजपुर का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। यहां छात्राओं ने थाना परिसर की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। पुलिस की कार्यप्रणाली और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को समझा। डायल-112 आपातकालीन सेवा के काम करने के तरीके की जानकारी प्राप्त की।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति 

इस जागरूकता कार्यक्रम में एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा, डीएसपी (महिला सुरक्षा) सतीश चतुर्वेदी, महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जय सिंह यादव, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूल की छात्राएं उपस्थित रहीं।


 

Leave a Comment