मंडला की अंडर-15 टीम बनी स्टेट चैंपियन
ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद शहर में हुआ भव्य स्वागत
- इंदौर को हराकर मंडला ने रचा इतिहास
- पहली बार जीती मध्यप्रदेश जूनियर बॉयज स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश जूनियर बॉयज स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 का खिताब अपने नाम कर जिला फुटबॉल संघ मंडला की अंडर-15 टीम गुरुवार को अपने शहर लौटी। टीम के मंडला आगमन पर बस स्टैंड पर उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक खिताबी जीत ने जिले के खेल इतिहास में एक नया और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है।
बताया गया कि मंडला की अंडर-15 टीम ने फाइनल मुकाबले में शानदार तकनीकी खेल का प्रदर्शन करते हुए मजबूत मानी जाने वाली इंदौर की टीम को 4-2 के अंतर से करारी शिकस्त दी। इस बेहतरीन जीत के साथ ही मंडला की टीम ने पहली बार राज्य चैंपियन बनने का अद्भुत गौरव हासिल किया है।
बस स्टैंड पर गूंजे तालियों और जयघोष के स्वर
विजेता टीम के स्वागत के लिए मंडला बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी, अभिभावक और आम नागरिक पहले से ही उत्सुकता के साथ उपस्थित थे। टीम की बस के पहुंचते ही पूरा परिसर तालियों और उत्साहपूर्ण जयघोष से गूंज उठा। खिलाडिय़ों और प्रशिक्षकों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने खिलाडिय़ों को मिठाई खिलाकर इस असाधारण उपलब्धि का जोरदार जश्न मनाया।
पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
इस गौरवमयी अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, उपाध्यक्ष अनिल सोनी और भीष्म द्विवेदी सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खिलाडिय़ों व प्रशिक्षकों का आत्मीय अभिनंदन किया। पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाडिय़ों के कड़े परिश्रम, प्रशिक्षकों के सही मार्गदर्शन और फुटबॉल संघ के सतत प्रयासों का ही प्रतिफल है। स्थानीय खेल प्रेमियों ने कहां कि मंडला की यह ऐतिहासिक उपलब्धि जिले के नवोदित युवा खिलाडिय़ों के लिए एक बड़ी प्रेरणास्रोत बनेगी। भविष्य में यह शानदार जीत मंडला को प्रदेश के एक प्रमुख फुटबॉल केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।









