ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौके पर मौत

खेत से सड़क पर लाते समय पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौके पर मौत

मवई के बदवार में अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर

  • ट्रेक्टर में दबने से 28 वर्षीय युवक की गई जान
  • जांच में जुटी मोतीनाला पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के मवई विकासखंड अंतर्गत मोतीनाला थाना क्षेत्र के ग्राम बदवार में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया गया कि कृषि कार्य कर लौट रहे एक युवक का ट्रैक्टर अचानक पलट गया, जिसके नीचे दबने से उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम बदवार निवासी 28 वर्षीय नंदकुमार यादव पिता सोनू सिंह यादव के रूप में हुई है। नंदकुमार गुरुवार दोपहर अपने खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहे थे। काम पूरा होने के बाद वे ट्रैक्टर को खेत से निकालकर सड़क की ओर ला रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक खेत में ही पलट गया।

ग्रामीणों के पहुंचने से पहले थम गई सांसें 

हादसा इतना अचानक हुआ कि नंदकुमार को संभलने का मौका ही नहीं मिला और वे भारी-भरकम ट्रैक्टर के नीचे दब गए। घटना होते ही आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत कर नंदकुमार को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और युवक ने दम तोड़ दिया था।

पोस्टमार्टम के लिए बिछिया से बुलाई टीम 

हादसे की सूचना मिलते ही मोतीनाला थाना प्रभारी हेमंत बावरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव का पंचनामा तैयार किया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए बिछिया अस्पताल से चिकित्सकों की एक टीम को बुलाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मोतीनाला थाना प्रभारी हेमंत बावरिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने के कारण हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है।


Leave a Comment