पटाखा साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर पुलिस की गाज, दो बाइक जब्त

पटाखा साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर पुलिस की गाज, दो बाइक जब्त

स्कूली बच्चों को परेशान करने वाले मनचलों को समाजसेवियों ने घेरा

  • अवैध हूटर और काली फिल्म के खिलाफ विशेष अभियान जारी
  • स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही थी परेशानी

मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले मनचले बाइक सवारों के खिलाफ पुलिस और स्थानीय समाजसेवियों ने सख्त कदम उठाए हैं। बुलेट के पटाखा साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने पकड़कर उनकी मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं।जानकारी अनुसार घुघरी में सुबह 10.30 बजे और शाम 4 से 4.30 बजे के बीच स्कूल के आवागमन के समय कुछ युवक पटाखा साइलेंसर लगी मोटरसाइकिलों से तेज रफ्तार में घूमकर भारी ध्वनि प्रदूषण फैलाते थे। बुधवार को इस समस्या पर संज्ञान लेते हुए समाजसेवी व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष सेमलाल मरावी और ब्लॉक प्रवक्ता रोहित मरकाम ने सेलवारा पुल के पास घेराबंदी की। इस दौरान तेज रफ्तार में शोर मचा रहे दो बाइक सवारों को पकड़कर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने गाडिय़ां कीं जब्त

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों मोटरसाइकिलों सहित वाहन चालकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाना प्रभारी ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा वर्तमान में यातायात नियमों के पालन के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सख्त चेकिंग और चालानी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात नियम तोडऩे वालों पर होगी कार्रवाई 

बताया गया कि अभियान के अंतर्गत पटाखा साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। वाहनों में अवैध हूटर का उपयोग करने वाले, गाडिय़ों में काली फिल्म लगाकर घूमने वालों और वाहनों पर नियम विरुद्ध पम्पलेट या नंबर प्लेट लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


Leave a Comment