पुलिस जवानों को मिला स्वस्थ जीवन का मंत्र

पुलिस जवानों को मिला स्वस्थ जीवन का मंत्र

  • आहार, मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति पर विशेष शिविर
  • मंडला पुलिस कंट्रोल रूम में विशेषज्ञों ने दिए संतुलित आहार, तनावमुक्ति और राजयोग के टिप्स

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में एक विशेष मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश और पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में आहार, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हिस्सा लिया।

विशेषज्ञों ने दिए स्वस्थ जीवन के मूल मंत्र 

डाइटिशियन डॉ. राशि पमनानी ने बताया कि पुलिस की व्यस्त जीवनशैली में संतुलित खानपान, समय पर भोजन, पर्याप्त पानी और नियमित योग-व्यायाम से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। लॉक मेंटल हेल्थ काउंसलर और साइकोलॉजिस्ट सत्यजीत सिंह पटेल ने कार्य के दबाव और मानसिक तनाव को कम करने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य भी अहम है, जिसके लिए सकारात्मक सोच और नशे से पूर्ण दूरी जरूरी है। ब्रह्मकुमारी आश्रम से आईं लक्ष्मी दीदी ने राजयोग, ध्यान और एकाग्रता के जरिए मानसिक शांति प्राप्त करने के तरीके साझा किए। उन्होंने बताया कि आत्मिक शक्ति और सकारात्मक विचार व्यक्ति को तनावमुक्त व ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पुलिस जवानों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता जरूरी 

कार्यक्रम के दौरान एडीशनल एसपी शिवकुमार वर्मा ने अतिथि डॉ. राशि पमनानी, सत्यजीत सिंह पटेल और लक्ष्मी दीदी का स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी की कठिन चुनौतियों को देखते हुए पुलिस जवानों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम जवानों में सकारात्मक ऊर्जा, बेहतर कार्यक्षमता और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं। अंत में पुलिस जवानों ने विशेषज्ञों से अपने स्वास्थ्य संबंधी सवालों पर सीधा मार्गदर्शन प्राप्त किया।


Leave a Comment