रेस्क्यू के दौरान सर्प मित्र को कोबरा ने डसा, लाइव वीडियो आया सामने

रेस्क्यू के दौरान सर्प मित्र को कोबरा ने डसा, लाइव वीडियो आया सामने

इलाज के दौरान मौत

  • मंडला के बिछिया में दर्दनाक हादसा
  • जान जाने से पहले युवक ने साहस दिखाते हुए सांप को किया डिब्बे में बंद

मंडला महावीर न्यूज 29.  मंडला जिले के बिछिया क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक रेस्क्यू अभियान के दौरान सर्प मित्र अमन गोहिया उर्फ बॉबी की कोबरा के डसने से मौत हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कोबरा के हमले का दृश्य साफ दिखाई दे रहा है।

पल भर की चूक और कोबरा का हमला

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक प्लास्टिक के डिब्बे में फन फैलाए कोबरा बैठा है। सर्प मित्र अमन स्नेक हुक की मदद से उसे सुरक्षित रूप से डिब्बे में रखने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच चंद पलों के लिए उनका ध्यान भटका और कोबरा ने फुर्ती दिखाते हुए डिब्बे से बाहर निकलकर अमन के बाएं पैर में डस लिया।

सांप को किया सुरक्षित

कोबरा के डसने के बावजूद अमन ने गजब का धैर्य और साहस दिखाया। उन्होंने घबराने के बजाय कोबरा को दोबारा काबू में किया और उसे सुरक्षित रूप से डिब्बे में बंद कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कोबरा बिछिया विकासखंड के ग्राम डुंगरा के एक घर से रेस्क्यू किया गया था। अमन उसे सुरक्षित रूप से बंजारी के जंगल में छोड़ने की तैयारी कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद अमन को प्राथमिक उपचार के लिए बिछिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें मंडला के जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।



दूसरों की जान बचाने वाले सर्प मित्र को कोबरा ने डसा – Mahaveer News 29

दूसरों की जान बचाने वाले सर्प मित्र को कोबरा ने डसा

Leave a Comment