निवास शासकीय महाविद्यालय को मिली सौगात
विधायक चैन सिंह वरकड़े ने किया 11.37 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण
- निवास कॉलेज में खुली नई लाइब्रेरी, आम नागरिक भी कर सकेंगे अध्ययन
- विधायक ने कलेक्टर से की संकल्प प्रोजेक्ट शुरू करने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास स्थित शासकीय महाविद्यालय में मंगलवार को विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े ने फीता काटकर महाविद्यालय के नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष, नए फर्नीचर और लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ की गई। अतिथियों का स्वागत शाल-श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
विधायक श्री वरकड़े द्वारा महाविद्यालय को कुल 11 लाख 37 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई। इसके अंतर्गत प्रमुख कार्यो की सौगात मिली। जिसमें 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन अतिरिक्त कक्ष। 5 लाख 37 हजार रुपये की लागत से क्रय किया गया नवीन फर्नीचर। 1 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई आधुनिक लाइब्रेरी। इस अवसर पर विधायक चैन सिंह वरकड़े ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इन नई सुविधाओं से छात्र-छात्राओं को बेहतर माहौल मिलेगा और उनकी शिक्षा में गुणवत्ता आएगी।
धर्मशाला से लेकर अपने भवन तक का सफर
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सदन मरावी ने कॉलेज के इतिहास और संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 1987 में हुई थी। शुरुआती दौर में कक्षाएं एक धर्मशाला भवन में लगती थीं। इसके बाद कुछ वर्षों तक कॉलेज का संचालन शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। अंतत: तत्कालीन विधायक स्व. सुरता सिंह मरावी के अथक प्रयासों से वर्ष 2001 में ग्राम गज्जुदेवरी में महाविद्यालय को अपना स्वतंत्र भवन प्राप्त हुआ। डॉ. मरावी ने महाविद्यालय की शेष कमियों को भी मंच के माध्यम से रखा और उन्हें पूरा कराने का आग्रह किया।
आम नागरिक भी उठा सकेंगे लाइब्रेरी का लाभ
महाविद्यालय में शुरू की गई नई लाइब्रेरी क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। प्राचार्या ने बताया कि इस लाइब्रेरी में महापुरुषों की जीवनियों के साथ-साथ इतिहास से जुड़ी रोचक और महत्वपूर्ण किताबें उपलब्ध हैं। इस लाइब्रेरी की सबसे खास बात यह है कि इसका लाभ सिर्फ कॉलेज के छात्र ही नहीं, बल्कि नगर व आसपास के क्षेत्रों के कोई भी समाजसेवी या आम नागरिक उठा सकते हैं। इसके लिए उन्हें केवल लाइब्रेरी से अपना एक कार्ड बनवाना होगा।
कॉलेज में भी शुरू हो संकल्प प्रोजेक्ट
अपने संबोधन में विधायक चैन सिंह वरकड़े ने हाल ही में स्कूली स्तर पर शुरू हुए संकल्प प्रोजेक्ट की जमकर सराहना की। उन्होंने मंच से ही मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे से फोन पर चर्चा की और आग्रह किया कि निवास महाविद्यालय में भी संकल्प प्रोजेक्ट की शुरुआत की जाए, ताकि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को भी इसका सीधा लाभ मिल सके। इस लोकार्पण समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रेयांस जैन, संजय जायसवाल, विनोद सोनी, आकाश बढग़ैया, संचित जायसवाल, ओमप्रकाश रजक, देवेंद्र रजक सहित महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
स्टाफ में प्रमुख रूप से वरिष्ठ अध्यापक डॉ. राम बेलवंशी, सहायक प्राध्यापक डॉ. रश्मि रजक, वीरेंद्र सिंह तेकाम, अरविंद कुमार, गणेश प्रसाद, मुकेश चौधरी, डॉ. अलीमा सिद्दीकी, डॉ. अरुणिमा शर्मा, डॉ. प्रियंका उपाध्याय, डॉ. पुष्पा चतुर्वेदी, डॉ. पूनम पांडे, संगीता मरावी, गोविंद सिंह, दशरथ झरिया, भूरा सिंह और मनोज यादव के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।










