पालतू मुर्गे को पकडऩे के चक्कर में 30 फीट गहरे कुएं में गिरा वृद्ध
- रेस्क्यू के बावजूद नहीं बचाई जा सकी जान
- देवरीकला बवलिया में दर्दनाक हादसा, गांव में पसरा मातम
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड और निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देवरीकला बवलिया में करीब 60 वर्षिय वृद्ध की कुंए में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि बुजूर्ग अपने मुर्गे को पकडऩे का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान वृद्ध वहां स्थित एक कुंए के पास पहुंच गया, जहां मुर्गे को पकडऩे के दौरान उस गहरे कुंए में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने देखा कि वृद्ध कुंए में गिर गया है तो तत्काल ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया और वृद्ध को कुंए से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अत्यधिक पानी पी लेने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी अनुसार ग्राम देवरीकला बवलिया निवासी गुलजार सिंह उम्र करीब 60 वर्ष अपना पालतू मुर्गा ढूंढते हुए खेत के पास बने एक कुएं तक पहुंच गए थे। इसी दौरान उनका मुर्गा कुएं के पास चला गया। मुर्गे को पकडऩे के लिए गुलजार जैसे ही आगे बढ़े, उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे कुएं में जा गिरे। बताया गया कि कुआं लगभग 30 फीट गहरा था और उसमें काफी पानी भरा हुआ था।
ग्रामीणों ने किया बचाने का भरपूर प्रयास
हादसे को देखते ही आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। ज्ञान सिंह कुलस्ते और सचिन धुर्वे समेत अन्य लोगों ने कुएं में कूदकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुएं की गहराई अधिक होने के कारण मुश्किलें आईं। इसी बीच मौके पर पहुंचे राजू भवेदी और घनश्याम भवेदी ने तत्काल रस्सी डालकर गुलजार को बाहर खींचने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने गुलजार सिंह को कुएं से बाहर निकाल लिया, लेकिन कुएं में संघर्ष के दौरान उन्होंने बहुत अधिक पानी पी लिया था। कुएं से बाहर निकलते ही गुलजार सिंह ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना के तुरंत बाद उपस्थित लोगों ने निवास थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दुखद घटना से पूरे ग्राम देवरीकला बवलिया में शोक की लहर दौड़ गई। इसके बाद गांव के शांति धाम में ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान के साथ मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।










