स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर आम आदमी पार्टी का हल्ला बोल
मंडला जिला अस्पताल में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे कार्यकर्ता
- 5 सूत्रीय मांगों को लेकर डटे आम आदमी पार्टी के नेता
- दवाओं की कमी, डॉक्टरों की अनुपस्थिति और 108 एम्बुलेंस की खामियों पर उठाए सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और अस्पतालों की बदहाली के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। मरीजों को हो रही परेशानियों और स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार की मांग को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने मंडला जिला अस्पताल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। सोमवार दोपहर 3 बजे तक भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर डटे रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना स्थल पर मौजूद आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त अनियमितताओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से जिला अस्पताल आने वाले आम नागरिकों और मरीजों को न तो समय पर उचित उपचार मिल पा रहा है और न ही उन्हें बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए तत्काल प्रभाव से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार करने की मांग की है।
ये हैं आप की प्रमुख मांगें
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन के समक्ष अपना 5 सूत्रीय मांग पत्र रखा है। इन मांगों में मुख्य रूप से मांग की गई है कि जिला अस्पताल सहित जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनरक्षक एवं आवश्यक दवाओं की नियमित और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति कड़ाई से सुनिश्चित की जाए जिससे मरीजों को भटकना न पड़े। 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन में आ रही दिक्कतों और इससे संबंधित शिकायतों की तत्काल एवं निष्पक्ष जांच की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। पार्टी पदाधिकारियों ने कहां है कि जब तक उनकी ये जायज मांगें पूरी नहीं की जातीं और स्वास्थ्य सेवाओं में ठोस सुधार नहीं दिखता, तब तक उनका यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।









