जादू-टोना के शक में हुई अंधी हत्या का 24 घंटे में खुलासा

मोहगांव पुलिस की बड़ी कामयाबी

जादू-टोना के शक में हुई अंधी हत्या का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

  • गुटखा लेने निकले ग्रामीण की कुल्हाड़ी से हत्या
  • तंत्र-मंत्र के संदेह में हुई वारदात का पर्दाफाश

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की मोहगांव पुलिस ने जादू-टोना के संदेह में हुई एक अंधी हत्या का मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अगस्त को ग्राम खर्रीडीहापार निवासी गायत्री मरावी ने अपने पति इन्द्र मरावी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 31 जुलाई की शाम करीब 7 बजे उनके पति मोबाइल पर बात करते हुए गुटखा लेने दुकान गए थे, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटे। अगले दिन सुबह इन्द्र मरावी का खून से लथपथ शव गांव के एक खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर तुरंत जांच शुरू कर दी।

पूछताछ में खुला जादू-टोने का राज 

घटनास्थल से मिले भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गांव के ही संदेही प्रमोद मरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी प्रमोद ने बताया कि उसे शक था कि मृतक इन्द्र मरावी उस पर जादू-टोना करता है। इसी बात से परेशान होकर उसने कुल्हाड़ी से इन्द्र के सिर पर वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद प्रमोद ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी अपने साथी डालचंद परते के घर में रख दी। बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से डालचंद ने उस कुल्हाड़ी को गांव के तालाब में फेंक दिया।

गिरफ्तार आरोपी एवं जब्त सामग्री 

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। हत्या में शामिल मुख्य आरोपी प्रमोद मरावी 33 वर्ष, पिता सुखचंद मरावी, निवासी ग्राम खर्रीडीहापार और सह-आरोपी डालचंद परते 30 वर्ष, पिता नंदकुमार परते, निवासी ग्राम खर्रीडीहापार को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही हत्या कर तालाब में फेंकी गई प्रयुक्त कुल्हाड़ी को निकाला गया और आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किये गए।

कार्रवाई में ये पुलिस टीम रही शामिल 

इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी मोहगांव निरीक्षक वेदराम हनोते के नेतृत्व वाली टीम की सराहनीय भूमिका रही। इस टीम में उप निरीक्षक नंदश्याम धुर्वे, लक्ष्मीचन्द्र बिसेन सहायक उप निरीक्षक अश्वंत सोनवानी, प्रधान आरक्षक सुरेश ताराम, आरक्षक दुर्गेश बोरले, नवीन उइके, हेमन्त मरावी, बलवंत मरावी, खेमसिंह मरकाम और चालक आरक्षक रेवाराम मरावी शामिल रही।


 

Leave a Comment