युवक की मौत के विरोध में बंद रहा नारायणगंज बाजार

नारायणगंज में बंदरों का आतंक जानलेवा

बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में छत से गिरा था युवक

  • गंभीर घायल होने के बाद जबलपुर में उपचार के दौरान हुई मौत
  • युवक की मौत के विरोध में बंद रहा नारायणगंज बाजार

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नारायणगंज में बंदरों के आतंक के कारण एक 45 वर्षीय युवक, छोटेलाल सोनी उर्फ चीनी सोनी, की जान चली गई। शनिवार सुबह बंदरों के झुंड से बचने के प्रयास में छत से गिरने के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी देर रात जबलपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के विरोध में रविवार को नारायणगंज के व्यापारियों और नागरिकों ने नगर बंद रखा।

छत पर टहलते समय हुआ हमला 

जानकारी अनुसार यह घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की है। छोटेलाल सोनी अपने घर की छत पर टहल रहे थे, तभी बंदरों के एक झुंड ने उन पर हमला कर दिया। उनसे बचने के लिए वे सीढिय़ों की ओर भागे, लेकिन संतुलन बिगडऩे से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। हालांकि, इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।

दोपहर तक बंद रहा नारायणगंज का बाजार 

युवक की मौत के विरोध में रविवार को नारायणगंज पूरी तरह बंद रहा। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिससे बस स्टैंड सहित प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। मृतक के अंतिम संस्कार के बाद दोपहर करीब तीन बजे बाजार फिर से खोला गया।

दहशत में लोग, प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग 

स्थानीय लोगों का कहना है कि नारायणगंज में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है। बंदरों के हमलों और उत्पात के कारण पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों में भय का माहौल है। डर के कारण लोग अब छतों पर जाने और गलियों में निकलने से भी कतराने लगे हैं। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है और आग्रह किया है कि बंदरों को पकड़कर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए।



बंदरों के आतंक से सहमा नारायणगंज – Mahaveer News 29

बंदरों के आतंक से सहमा नारायणगंज

Leave a Comment