जादू-टोने के शक में भतीजे ने की चाचा की निर्मम हत्या

जादू-टोने के शक में भतीजे ने की चाचा की निर्मम हत्या

मोहगांव पुलिस ने किया हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

  • बीमारी का कारण जादू-टोना मानकर कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
  • अंधविश्वास ने ली जान, आरोपी भतीजा पुलिस हिरासत में

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत 40 वर्षीय इंदर मरावी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस हत्याकांड का मुख्य कारण अंधविश्वास और जादू-टोना का शक निकला। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक के दूर के रिश्ते के भतीजे प्रमोद मरावी 33 वर्ष ने ही कुल्हाड़ी से वार कर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।जानकारी अनुसार खर्राछापर निवासी इंदर मरावी शुक्रवार शाम करीब 6 बजे गुटखा लेने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह गांव के पास ही सड़क से लगभग 30 फीट दूर एक खेत में उसका शव बरामद हुआ। शव के सिर पर धारदार हथियार संभवत: कुल्हाड़ी से किए गए वार के गंभीर निशान थे।घटना की सूचना मिलते ही मोहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहगांव भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

जादू-टोने के शक में की गई हत्या 

एडिशनल एसपी शिव कुमार वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विवेचना के दौरान मृतक के दूर के रिश्ते के भतीजे प्रमोद पर पुलिस का संदेह गहराया। प्राथमिक जांच और पूछताछ में सामने आया कि प्रमोद को शक था कि इंदर मरावी जादू-टोना करता है। प्रमोद का मानना था कि इसी जादू-टोने के प्रभाव से पहले उसके बड़े पिता, फिर उसकी पत्नी और बाद में वह स्वयं बीमार पड़ गया। इसी गहरे अंधविश्वास के चलते उसने इंदर मरावी को मौत के घाट उतार दिया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी 

फिलहाल मोहगांव पुलिस ने आरोपी प्रमोद को हिरासत में ले लिया है और उससे सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इस हत्याकांड में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।


Leave a Comment