एंबुलेंस कर्मी पर आदिवासी परिवार से अवैध वसूली का आरोप

एंबुलेंस कर्मी पर आदिवासी परिवार से अवैध वसूली का आरोप

ब्लॉक कांग्रेस ने की सख्त कार्रवाई की मांग

  • मरीजों की मजबूरी का उठा रहे फायदा
  • वीडियो बनने पर लौटाए पैसे
  • कांग्रेस ने की स्वास्थ्य सेवाओं की उच्च स्तरीय जांच की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29.  वनांचल क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेढ़ा के ग्राम लुरी में एंबुलेंस कर्मियों द्वारा एक आदिवासी परिवार से कथित रूप से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने कड़ा विरोध जताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विरोध और वीडियो बनने पर लौटाए पैसे

कांग्रेस का आरोप है कि लुरी निवासी एक मरीज को घर छोड़ने के एवज में एंबुलेंस कर्मियों ने ₹2,000 से ₹2,500 की वसूली की। हालांकि, जब ग्रामीणों ने इसका कड़ा विरोध किया और घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने लगे, तो दबाव में आकर कर्मियों ने पैसे वापस कर दिए।

मजबूरी का उठाया जा रहा है फायदा

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बताया कि मवई जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर है। यहां स्वास्थ्य सुविधाओं और उपकरणों के अभाव में गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ता है। गरीब और आदिवासी परिवार पूरी तरह एंबुलेंस सेवा पर निर्भर हैं। आरोप है कि इसी मजबूरी का फायदा उठाकर मरीजों से अवैध वसूली की जा रही है।

सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था की मांग

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा के नेतृत्व में पहले भी लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और एंबुलेंस की देरी के कारण हुई मौतों को लेकर धरना-प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। कांग्रेस ने प्रशासन व राज्य सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच हो। साथ ही, दोषी एंबुलेंस संचालक या ठेकेदार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वनांचल में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाया जाए, ताकि भविष्य में गरीबों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।


रिपोर्ट- सुशील बंजारा, मोतीनाला, मवई


Leave a Comment