बंदरों के आतंक से सहमा नारायणगंज

बंदरों के आतंक से सहमा नारायणगंज

नारायणगंज में बंदरों का खौफ

  • बंदर के हमले में छत से गिरकर चीनी सोनी का दुखद निधन
  • आक्रोशित लोगों ने किया नारायणगंज बंद का आह्वान
  • बच्चों का छत पर जाना हुआ मुश्किल
  • समस्या के खिलाफ प्रशासन से समाधान की लगाई गुहार

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज में बंदरों का आतंक अब एक जानलेवा रूप ले चुका है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बंदरों के हमले के कारण छत से गिरकर स्थानीय निवासी चीनी सोनी का निधन हो गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे नारायणगंज में मातम और आक्रोश का माहौल है।

सैकड़ों घटनाओं के बाद भी समाधान नहीं 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। नगर में बंदरों के आतंक के कारण अब तक सैकड़ों छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। नागरिकों ने चिंता जताते हुए कहा है कि यदि इस समस्या पर जल्द ही लगाम नहीं लगाई गई, तो ऐसी घटनाएं किसी भी घर या परिवार के साथ हो सकती हैं।

सुरक्षा को लेकर भारी डर 

लगातार बढ़ रहे इस खौफ के कारण आज पूरा नारायणगंज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। आलम यह है कि डर के साए में जी रहे माता-पिता अपने छोटे-छोटे बच्चों को छत या बालकनी तक में जाने नहीं दे रहे हैं।

नारायणगंज बंद का आह्वान 

चीनी सोनी के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करने और बंदरों के आतंक के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराने के लिए आम जनमानस से नारायणगंज बंद की अपील की गई है। स्थानीय लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे इस बंद को पूर्ण रूप से सफल बनाएं और अपना समर्थन दें, जिससे प्रशासन की नींद टूटे और वे इस गंभीर समस्या का तुरंत कोई ठोस समाधान निकालें। नागरिकों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस दिशा में सख्त कदम उठाए ताकि भविष्य में ऐसी जनहानि को रोका जा सके।


Leave a Comment