शराब के लिए पैसे न देने पर कलयुगी बेटे ने मां को डंडे से पीटा

शराब के लिए पैसे न देने पर कलयुगी बेटे ने मां को डंडे से पीटा

नैनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

  • मां से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी पुत्र गिरफ्तार
  • न्यायालय ने भेजा न्यायिक हिरासत में

मंडला महावीर न्यूज 29.  नैनपुर थाना पुलिस ने अपनी सगी मां के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक कलयुगी बेटे को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी ने शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बंधा (थाना नैनपुर) निवासी 58 वर्षीय शंकरी बाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6:00 बजे जब वह खेत से घर लौटीं, तो उनके बड़े बेटे नीरज ने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी नीरज भड़क गया और अश्लील गालियां देने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि उसने लकड़ी के डंडे से अपनी मां पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव के दौरान आरोपी वहां से चला गया, लेकिन बाद में पुनः जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पीड़िता की रिपोर्ट पर नैनपुर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अपराध क्रमांक 350/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 119(1) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इस सराहनीय और त्वरित कार्रवाई में नैनपुर थाना प्रभारी श्री मंशाराम वगेन, सहायक उप निरीक्षक श्री जगदीश सेयाम सहित थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।


Leave a Comment