गड्ढे में फंसकर पलटा कोयले से लदा ट्रक

बंजारी घाट में बड़े गड्ढे के कारण पलटा कोयले से भरा ट्रक

बाल-बाल बचे चालक-परिचालक

  • NH-30 पर लगा लंबा जाम
  • मंडला-रायपुर नेशनल हाईवे पर टला बड़ा हादसा
  • गड्ढे में फंसकर पलटा कोयले से लदा ट्रक
  • पुलिस ने सुचारू कराया यातायात

मंडला महावीर न्यूज 29.  मंडला-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंजारी घाट में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे के कारण कोयले से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में लदा कोयला पूरी सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। गनीमत यह रही कि इस घटना में चालक और परिचालक को केवल मामूली चोटें आईं।

गड्ढे के कारण हुआ हादसा, टली बड़ी जनहानि

स्थानीय निवासी मोंटू खान के अनुसार, हाईवे की सड़क धंसने से वहां एक काफी बड़ा गड्ढा बन गया है। रायपुर की ओर से आ रहा कोयले से लदा यह ट्रक इसी गड्ढे में फंसकर असंतुलित हुआ और पलट गया। यह मार्ग हमेशा व्यस्त रहता है, लेकिन राहत की बात यह रही कि पलटने के दौरान कोई अन्य वाहन ट्रक की चपेट में नहीं आया, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।

पुलिस ने बहाल कराया यातायात

घटना की सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम के नेतृत्व में पुलिस बल, एफआरवी और हाईवे हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामूली रूप से घायल चालक और परिचालक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक और सड़क पर बिखरे कोयले को किनारे करवाकर बाधित यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल कर दिया है।


Leave a Comment