हिरदेनगर नर्मदा आश्रम में धूमधाम से मनाया गुरु पूर्णिमा
आचार्य संतोष महाराज का आशीर्वाद लेने उमड़े श्रद्धालु
- मां नर्मदा अंचल के सिद्धपीठ दरबार में गुरु पूर्णिमा महोत्सव
- विभिन्न शहरों से पहुंचे शिष्यों ने किया पादुका पूजन
मंडला महावीर न्यूज 29. मां नर्मदा के दक्षिण तट पर स्थित राजा हृदयशाह की पावन नगरी हिरदेनगर में गुरु पूर्णिमा का पर्व बड़े ही धूमधाम और भक्ति-भाव के साथ मनाया गया। नगर के हृदय स्थल पर स्थित ‘ॐ श्रीं माँ रुक्मणी देवी सदाव्रत आश्रम सिद्धपीठ दरबार मां नर्मदा मंदिर’ में सुबह से ही गुरु दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
शिष्यों ने किया पादुका पूजन
गुरु पूर्णिमा के इस विशेष अवसर पर आचार्य संतोष महाराज के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आश्रम पहुंचे। शिष्यों ने पूर्ण श्रद्धा के साथ अपने शिष्य धर्म का पालन करते हुए आचार्य संतोष महाराज का पादुका पूजन किया और गुरु का आशीर्वाद ग्रहण किया।
इन स्थानों से पहुंचे श्रद्धालु
इस पावन अवसर पर मंडला शहर के अलावा महाराजपुर, सिवनी, नैनपुर, घुटास, अंजनिया, बम्हनी बंजर, नागपुर और जबलपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिष्य आश्रम पहुंचे। दिन भर चले इस आयोजन में संपूर्ण वातावरण गुरु महिमा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।










