वाहन चालक देश की परिवहन व्यवस्था की रीढ़

चालक समाज देश की परिवहन व्यवस्था की रीढ़

ड्राइवरों की सुरक्षा, सम्मान और रोजगार के लिए राष्ट्रीय चालक सेवा संगठन ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

  • परिवहन व्यवस्था की रीढ़ चालकों ने उठाई हेल्प डेस्क और दुर्घटना बीमा की मांग
  • उत्पीडऩ पर रोक लगाने की गुहार

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय चालक सेवा संगठन ने जिले के ड्राइवरों की सुरक्षा, सम्मान, रोजगार और कानूनी सहायता की मांग को लेकर बुधवार को मंडला पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष श्रीचंद्र यादव के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में ड्राइवरों के शोषण से मुक्ति और उनके कल्याण के लिए कई अहम कदम उठाने की अपील की गई है।ज्ञापन में बताया गया कि चालक समाज देश की परिवहन व्यवस्था की रीढ़ है। दिन-रात कठिन परिस्थितियों में काम करने के बावजूद उन्हें आरटीओ, पुलिस और वाहन मालिकों द्वारा अनावश्यक उत्पीडऩ, आर्थिक शोषण और मानसिक प्रताडऩा का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा किसी दुर्घटना की स्थिति में उन्हें समय पर कानूनी या आर्थिक सहायता भी नहीं मिल पाती है।राष्ट्रीय चालक सेवा संगठन ने मांग की है कि ड्राइवरों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए ड्राइवर सहायता एवं शिकायत निवारण प्रकोष्ठ बनाया जाए। पुलिस, आरटीओ व अन्य विभागों द्वारा की जाने वाली अवैध वसूली और उत्पीडऩ पर प्रभावी रोक लगे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। दुर्घटना के समय चालकों को तत्काल चिकित्सा, कानूनी और आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाए। युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देने के लिए जिले में प्रशिक्षण व कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जाएं।राष्ट्रीय चालक सेवा संगठन ने कहां कि प्रशासन और चालक संगठनों के बीच समन्वय समिति बनाई जाए, जिससे समय-समय पर समस्याओं पर चर्चा कर समाधान निकाला जा सके। प्रत्येक ड्राइवर का दुर्घटना बीमा सुनिश्चित हो और शासन-प्रशासन द्वारा प्रभावी नशा मुक्ति अभियान चलाया जाए। जिला अध्यक्ष श्रीचंद्र यादव ने कहां कि यदि प्रशासन इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर अमल करता है, तो जिले के हजारों ड्राइवरों को सुरक्षा, न्याय और बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। संगठन ने प्रशासन से चालकों के हित में शीघ्र सकारात्मक कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।


 

Leave a Comment