पुलिस वाहन से टकराई बाइक, दो युवक घायल

पुलिस वाहन से टकराई बाइक, दो युवक घायल

हादसे के बाद स्वास्थ्य केंद्र में नहीं मिली एंबुलेंस

  • निजी वाहन से मंडला ले जाए गए घायल युवक
  • स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया विकासखंड के अंजनिया चौकी क्षेत्र के अंतर्गत छिंदी टोला गांव के पास एक पुलिस वाहन और बाइक में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय मंडला रेफर कर दिया गया। लेकिन समय पर एंबुलेंस न मिलने के कारण परिजनों को निजी वाहन का सहारा लेना पड़ा।एएसआई राजेश सराठे ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अंजनिया चौकी पुलिस अपने शासकीय वाहन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मांद की ओर चिकनियाँ नाला का जायजा लेने जा रही थी। इसी दौरान छिंदी टोला के समीप सामने से आ रही एक बाइक पुलिस वाहन से टकरा गई। हादसे में कांसखेड़ा निवासी परशु यादव और बघरौड़ी निवासी देवा धुर्वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

एंबुलेंस न मिलने से परिजनों में आक्रोश 

हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मंडला जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद अस्पताल में काफी देर तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। अंतत: उन्हें निजी वाहन से घायलों को मंडला ले जाना पड़ा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र की स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं।


 

Leave a Comment