श्री गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा व भक्तिभाव से मनाया गुरु पूर्णिमा का पर्व
अखंड पाठ का हुआ समापन, भजन-कीर्तन व लंगर में उमड़े श्रद्धालु
- सिंधी समाज ने गुरु पूर्णिमा पर किया दो दिवसीय धार्मिक आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में सिंधी समाज द्वारा गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और अगाध भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन के पहले दिन मंगलवार को श्री जपजी साहिब के अखंड पाठ का विधिवत शुभारंभ किया गया था। वहीं बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अखंड पाठ का भोग लगाया गया। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब में भजन-कीर्तन, आरती, पूजा, पल्लव अरदास और अमृतवाणी के मधुर पाठ का आयोजन हुआ।
इस पुनीत अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब को चोला भेंट कर माथा टेका और गुरु के समक्ष अपनी आस्था व्यक्त की। पूरे धार्मिक वातावरण में बड़ी संख्या में मौजूद संगत ने सहभागिता कर गुरु महिमा का गुणगान किया, जिससे वहां का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के समापन पर विशाल लंगर प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस सफल आयोजन में पूज्य सिंधी पंचायत, श्री गुरुद्वारा सेवा समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सामाजिक जन और श्रद्धालु उपस्थित रहे।










