मूंग खरीदी : कृषि मंत्री कंषाना ने किसानों को दिया सकारात्मक आश्वासन
समाधान का दिलाया भरोसा
- किसानों के हित में मप्र सरकार का बड़ा कदम
- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिख मूंग उपार्जन लक्ष्य बढ़ाने की मांग
भोपाल/मंडला महावीर न्यूज 29 | मध्यप्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीदी सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच प्रदेश के कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने मंत्रालय में किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सभी मुद्दों के शीघ्र और सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया है।
सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध
कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के निराकरण और मूंग खरीदी की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री श्री कंषाना ने किसानों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है। बैठक में कृषि सचिव श्री निशांत बरबड़े सहित विभाग के अन्य अधिकारी और किसान संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
केंद्र से मूंग उपार्जन लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध
किसान प्रतिनिधियों से चर्चा के बाद, कृषि मंत्री श्री कंषाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर विपणन वर्ष 2026-27 के लिए ग्रीष्मकालीन मूंग के उपार्जन का लक्ष्य बढ़ाने का विशेष अनुरोध किया है।
पत्र में रखे गए प्रमुख तथ्य और मांगें
-
अनुमानित उत्पादन: प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग का क्षेत्रफल लगभग 14.30 लाख हेक्टेयर है तथा कुल उत्पादन 20.16 लाख मीट्रिक टन होने की संभावना है।
-
पिछला आंकड़ा: गत वर्ष केंद्र सरकार ने 4.19 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया था, जिसके विरुद्ध प्रदेश में 7.72 लाख मीट्रिक टन मूंग की खरीदी की गई थी।
-
नई मांग: किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का अधिक से अधिक लाभ सुनिश्चित करने के लिए, भारत सरकार की ‘प्राइस सपोर्ट स्कीम’ के तहत अन्य राज्यों के बचत प्रतिशत को मध्य प्रदेश को प्रदान करते हुए प्रदेश के कुल उत्पादन का 40 प्रतिशत (यानी 8.06 लाख मीट्रिक टन) उपार्जन लक्ष्य निर्धारित करने की मांग की गई है।










