मूलभूत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
मंडला-डिंडोरी नेशनल हाईवे पर 3 घंटे तक लगा चक्काजाम
- पोड़ी में पूर्व राज्यमंत्री के साथ सड़क पर उतरे ग्रामीण
- अधिकारियों के जल्द समाधान के आश्वासन के बाद खुला जाम
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में क्षेत्रीय समस्याओं की अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को नेशनल हाईवे-543 मंडला-डिंडोरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्राम पंचायत पोड़ी के बकोरी तिराहा पर सुबह करीब 11.30 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। इस प्रदर्शन में पूर्व राज्यमंत्री देवेंद्र तेकाम के साथ पोड़ी, सिंगारपुर, झालपानी और आसपास के अन्य गांवों के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि वे अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय से सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीण कर रहे मूलभूत सुविधाओं की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि पोड़ी क्षेत्र में रात के समय विद्युत विभाग के लाइनमैन की ड्यूटी लगाई जाए, जिससे बिजली गुल होने पर घंटों इंतजार न करना पड़े। बालक माध्यमिक विद्यालय पोड़ी के भवन का निर्माण जल्द कराया जाए, इसके साथ ही नर्मदा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोड़ी लिंगा में बाउंड्री वॉल और छात्राओं के लिए शौचालय का निर्माण कराया जाए। ग्राम पोड़ी माल और पोड़ी रैयत में खराब पड़े हैंडपंप का तत्काल सुधार कराया जाए।

अधिकारियों के आश्वासन पर शांत हुए ग्रामीण
हाईवे पर चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएचई विभाग के अधिकारी मनोज भास्कर, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त और विद्युत विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की और उनकी सभी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इस ठोस आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चला चक्काजाम समाप्त हुआ और नेशनल हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो सका।










