देर रात स्कूटी का लॉक तोड़कर ले उड़े बदमाश
वारदात CCTV में कैद
कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर शुरू की अज्ञात चोरों की तलाश
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक स्कूटी का लॉक तोड़कर ले गए। बताया गया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड स्थित जैन मंदिर के पीछे अली एडवरटाइजिंग के सामने से देर रात अज्ञात चोर स्कूटी चुरा ले गए, जिसकी पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी अनुसार यह वारदात रविवार देर रात करीब 3.30 बजे हुई। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात युवक एक बाइक पर सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचते दिख रहे हैं। इनमें से एक युवक बाइक पर बैठकर आसपास की निगरानी कर रहा है, जबकि दूसरा स्कूटी के पास जाता है। फुटेज के मुताबिक यह चोर स्कूटी पर बैठकर पैरों के दबाव से उसका लॉक बड़ी आसानी से तोड़ देता है। इसके बाद वह स्कूटी को पीछे की ओर घसीटते हुए अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
पुलिस कर रही जांच
बताया गया कि चोरी हुई यह स्कूटी मुस्तरी बेगम की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर पीडि़ता ने तुरंत कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। फिलहाल पुलिस इसी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान कर उनकी सरगर्मी से तलाश में जुट गई है।










