सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला वनकर्मी का शव
3 से 4 दिन पुरानी मौत की आशंका
- बीजाडांडी के कालपी डिपो में सनसनी
- वनकर्मी ने लगाई फांसी
- कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कालपी डिपो में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक वनकर्मी का शव उसके सरकारी आवास में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान छन्नू लाल झारिया के रूप में हुई है, जो कालपी डिपो में ही पदस्थ थे।
जानकारी अनुसार वनकर्मी छन्नू लाल झारिया का शव उनके सरकारी आवास के दरवाजे पर फंदे से लटका हुआ पाया गया। शव की स्थिति को देखकर पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि मौत करीब 3 से 4 दिन पहले हुई है। बंद आवास के भीतर से जब भनक लगी, तब मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी थाना पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा की कार्रवाई की और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल वनकर्मी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उन्होंने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के लोगों व परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।









