छात्रों ने नशे को नकारा, खुशहाल जीवन को मिले 100 प्रतिशत वोट

उत्कृष्ट विद्यालय में नशामुक्ति का अनोखा चुनाव

छात्रों ने नशे को नकारा, खुशहाल जीवन को मिले 100 प्रतिशत वोट

  • ड्रग्स और तंबाकू बने चुनावी प्रत्याशी
  • विद्यार्थियों ने मतदान कर दिया नशामुक्त समाज का संदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत जिले के उत्कृष्ट विद्यालय में युवाओं को जागरूक करने के लिए एक अनूठे प्रतीकात्मक चुनाव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की और विद्यार्थियों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति आगाह किया।जागरूकता के इस दिलचस्प चुनाव में ड्रग्स, सिगरेट और तंबाकू जैसे नशीले पदार्थों को प्रतीकात्मक रूप से चुनावी प्रत्याशी बनाया गया था। वहीं, मतपत्र में एक अन्य विकल्प खुशहाल जीवन रखा गया, जो स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का प्रतीक था। मतदान प्रक्रिया में विद्यालय के विद्यार्थियों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सभी छात्रों ने एकमत होकर खुशहाल जीवन के पक्ष में 100 प्रतिशत वोट डाले और यह कड़ा संदेश दिया कि उनका भविष्य नशे के साथ नहीं, बल्कि एक सकारात्मक जीवन के साथ जुड़ा है।

छात्रों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, उनसे अपील की गई कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस अनूठी रचनात्मक पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। पुलिस विभाग का मानना है कि ऐसे सहभागिता आधारित कार्यक्रमों से समाज में नशे के खिलाफ एक मजबूत और सकारात्मक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।


Leave a Comment