तंबाकू नियंत्रण कानून को सख्ती से लागू करने की तैयारी
पुलिस अधिकारियों का हुआ विशेष उन्मुखीकरण
- जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की पहल
- कोटपा एक्ट, ई-सिगरेट और हुक्का बार प्रतिबंध पर पुलिस अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और तंबाकू नियंत्रण कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों के लिए एक विशेष उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन और सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
आयोजित कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी डॉ. रानी मरावी ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और टोबैको सेसेशन सेंटर की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जो लोग तंबाकू छोडऩा चाहते हैं, उनके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्या-क्या परामर्श और उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कानूनी प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा
एमपीवीएचए के संभागीय समन्वयक ने पुलिस अधिकारियों को सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में शैक्षणिक संस्थानों को पूरी तरह से तंबाकू मुक्त बनाने, हुक्का बार पर रोक लगाने और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट) पर लागू प्रतिबंधों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस उन्मुखीकरण का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को तंबाकू नियंत्रण से जुड़े सभी कानूनी प्रावधानों से अपडेट करना था, ताकि मैदानी स्तर पर इनका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि पुलिस विभाग की सक्रिय भागीदारी से जिले में एक स्वस्थ और तंबाकू मुक्त वातावरण का निर्माण किया जाए।










