किसी ने खींचा रथ तो किसी ने लगाई झाड़ू
मंडला में भव्यता के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
- इस्कॉन के तत्वावधान में उमड़ा आस्था का सैलाब
- 15 फीट ऊंचे रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले भगवान जगन्नाथ
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर में 24 जुलाई को भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा पूरी आस्था और उल्लास के साथ निकाली गई। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ इस्कॉन के तत्वावधान में आयोजित इस रथयात्रा में सैकड़ों की संख्या में धर्मप्रेमियों ने भाग लिया। किसी ने भगवान का रथ खींचा तो किसी ने मार्ग बुहारकर (झाड़ू लगाकर) अपनी सेवा और भक्ति का परिचय दिया। जय जगन्नाथ के जयघोष और हरे कृष्णा संकीर्तन से पूरा मंडला नगर भक्तिमय हो उठा।
श्रीराम मंदिर से हुई शुरुआत, लगा 56 भोग
रथयात्रा के पूर्व सराफा बाजार स्थित श्रीराम मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र जी और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं की विधि-विधान से स्थापना की गई। मातृशक्तियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पकवानों से भगवान को 56 भोग अर्पित किया गया। प्रेम अवतार दास स्वामी जी ने महाआरती संपन्न कराई। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, समाजसेवी गणेश जसवानी, नीरज अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने नारियल फोड़कर और रथ की डोर खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया।
उज्जैन से आया 15 फीट ऊंचा विशेष रथ
वरिष्ठ समाजसेवी गणेश जसवानी ने बताया कि यह 2 किलोमीटर लंबी यात्रा नगर में आकर्षण का केंद्र रही। इसका मुख्य कारण उज्जैन से लाया गया 15 फीट ऊंचा विशेष रथ था, जिसमें 10 फीट ऊंचा समायोज्य गुंबद लगा हुआ था। रास्ते भर रिमझिम फुहारों के बीच भक्तों ने भगवान पर पुष्पवर्षा की।
प्रमुख मार्गो से निकली रथयात्रा
रथयात्रा श्रीराम मंदिर से शुरू होकर उदय चौक, बड़ चौराहा, चिलमन चौक, बस स्टैंड, लालीपुर, बिंझिया, नेहरू स्मारक, बैगाबैगी चौक और कलेक्ट्रेट होते हुए आयोजन स्थल इस्कॉन सेंटर, जगन्नाथ हाई स्कूल के सामने पहुंची। पूरे मार्ग में 20 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए थे। यात्रा में आदिवासी सांस्कृतिक दल की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। समापन पर महाप्रसादी का वितरण किया गया।
70 स्थानों पर हो रहा आयोजन
इस्कॉन उज्जैन के चेयरमैन पूज्य श्रीमद भक्तिप्रेम स्वामी महाराज के मार्गदर्शन में, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग और श्रीकृष्ण पाथेन्यास के सहयोग से इस वर्ष प्रदेश के लगभग 70 स्थानों पर यह आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता नीरज अग्रवाल ने बताया कि रथ खींचना जीवन की आध्यात्मिक यात्रा और सामूहिक भक्ति, एकता व विनम्रता को दर्शाता है। इस अवसर पर विधायक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. अशोक मर्सकोले, अखिलेश कछवाहा, विनय मिश्रा, सुधीर कांसकार, मनोज फागवानी सहित अनेक गणमान्य जन शामिल थे।










