पर्यटन हब के रूप में विकसित होगा घुघरा वॉटरफॉल
कलेक्टर ने सुरक्षा और सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश
- मंडला पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
- घुघरा फॉल बनेगा ट्रैकिंग पॉइंट, रैलिंग और सूचना बोर्ड लगाने की तैयारी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल घुघरा वॉटरफॉल को जल्द ही एक प्रमुख पर्यटन हब के रूप में नई पहचान मिल सकती है। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने निवास क्षेत्र स्थित इस वॉटरफॉल का भ्रमण कर वहां की वर्तमान व्यवस्थाओं और संभावित पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जल्द आवश्यक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि घुघरा वॉटरफॉल जिले का एक प्रमुख प्राकृतिक आकर्षण है, जिसे पर्यटन हब के रूप में विकसित किए जाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से काम किया जाए। वॉटरफॉल क्षेत्र को एक आकर्षक ट्रैकिंग पॉइंट के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाए। पर्यटकों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं।
सुरक्षा व्यवस्थाओं पर दिया विशेष जोर
पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए संवेदनशील स्थानों पर मजबूत रैलिंग लगाई जाए। खतरनाक जगहों पर चेतावनी एवं मार्गदर्शक सूचना बोर्ड स्थापित किए जाएं। वर्षाकाल के दौरान जलस्तर बढऩे और फिसलन की आशंका को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
कलेक्टर ने विश्वास जताया कि बेहतर सुविधाएं विकसित होने से घुघरा वॉटरफॉल में पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होगा। इससे न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी तेज गति मिलेगी। इस निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर शैलेन्द्र चौधरी, एसडीएम सीएल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी और कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।










