झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे
खेत-तालाब हुए लबालब, धान की रोपाई ने पकड़ी रफ्तार
- भारी बारिश से मवई-कुड़की मार्ग पर गिरा विशाल बरगद
- यातायात के साथ बिजली आपूर्ति भी रही घंटों बाधित
मंडला महावीर न्यूज 29. मवई और इसके आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरों पर खुशी ला दी है। बारिश से खेत और तालाब पूरी तरह भर गए हैं, जिससे धान की रोपाई के लिए एकदम अनुकूल माहौल बन गया है। बेहतर पैदावार की उम्मीद में किसान पूरे उत्साह के साथ खेतों में उतर चुके हैं और रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है।
यातायात और बिजली आपूर्ति हुई प्रभावित
एक ओर जहां बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है, वहीं भारी बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। बीती रात मवई से अमवार, पटपरा होते हुए छत्तीसगढ़ के कुड़की को जोडऩे वाले मुख्य मार्ग पर एक विशाल बरगद का पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ के सड़क पर गिरने से यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और घंटों तक दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
पेड़ गिरने की वजह से विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आसपास के इलाकों में अंधेरा छा गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ की कटाई कर रास्ता साफ किया। इसके तुरंत बाद बिजली विभाग ने सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए लाइनों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की। इस बीच लगातार हो रही बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें।










