ग्राम पंचायत बरबटी में मस्टर रोल फर्जीवाड़ा

ग्राम पंचायत बरबटी में मस्टर रोल फर्जीवाड़ा

एक दिन काम कराकर निकाला सात दिन का मस्टर रोल, मजदूरों में भारी आक्रोश

  • अमृत सरोवर निर्माण में अनियमितता, प्रशासन से जांच की गुहार
  • पंचायत भवन में ताला लगाकर भागे पंचायत के जिम्मेदार

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बरबटी में चल रहे अमृत सरोवर बांध निर्माण कार्य में भारी मनमानी और अनियमितता बरती जा रही है। शासन की इस महत्वपूर्ण योजना में रोजगार न मिलने और फर्जी मस्टर रोल निकाले जाने से आक्रोशित दर्जनों महिला मजदूरों ने पंचायत भवन पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत बरबटी में अमृत सरोवर बांध निर्माण कार्य में मनमानी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं पंचायत भवन पहुंचकर आक्रोश व्यक्त की। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि उन्हें अमृत सरोवर बांध में केवल एक दिन का काम दिया गया, जबकि मस्टर रोल पूरे सात दिन का निकाला गया है। इससे मजदूरों को सीधे तौर पर छह दिन की मजदूरी का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि जब वे इस मुद्दे पर बात करने और अपना हक मांगने पंचायत भवन पहुंचे, तो पंचायत में मौजूद जिम्मेदार और सचिव कार्यालय में ताला लगाकर वहां से भाग निकले। पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा काम बंद करने के पीछे पैसे खत्म होने का हवाला दिया जा रहा है। मजदूरों का कहना है कि शासन और अधिकारियों ने पूर्व में आश्वासन दिया था कि यह काम लगातार करीब 2 वर्ष तक चलेगा, लेकिन महज कुछ महीने में ही अचानक काम रोक दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें लगातार एक सप्ताह तक काम मिलना चाहिए था। काम बंद होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की है कि वे इस मामले में तत्काल संज्ञान लें। उन्होंने मांग की है कि इस फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच हो और मजदूरों को उनका हक दिलाते हुए काम को तुरंत दोबारा शुरू कराया जाए, जिससे उन्हें सतत रोजगार मिल सके।


 

Leave a Comment