मंडला में नकली सिगरेट का भंडाफोड़

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नीलेश और पमनानी ट्रेडर्स पर दबिश, दोनों संचालकों पर मामला दर्ज

मंडला में नकली और प्रतिबंधित सिगरेट का बड़ा भंडाफोड़

  • दो दुकानों से लाखों का माल जब्त
  • कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
  • हागगंज और आंबेडकर वार्ड में दबिश
  • दो दुकान संचालकों पर एफआईआर

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने नकली और प्रतिबंधित सिगरेट के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की टीम ने शहर की दो अलग-अलग दुकानों पर दबिश देकर लाखों रुपये मूल्य की संदिग्ध सिगरेट जब्त की है। मामले में पुलिस ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत और संयुक्त जांच अभियान

यह कार्रवाई इंदौर की संस्था ‘सिक्योर ब्रांड आईपी एंड कॉपीराइट सर्विसेज’ की शिकायत के आधार पर की गई। संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर राज ठाकुर ने बताया कि उन्हें आईटीसी लिमिटेड द्वारा अधिकृत किया गया है। उन्हें सूचना मिली थी कि मंडला शहर में आईटीसी ब्रांड से मिलती-जुलती और भारत में पूरी तरह से प्रतिबंधित अवैध सिगरेट की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। इस शिकायत के बाद पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधियों को साथ लेकर दुकानों की सघन जांच शुरू की।

दुकानों पर दबिश

कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि जांच के दौरान प्रतिष्ठित ब्रांड से मिलती-जुलती भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिगरेट बरामद हुई है, जिसका विवरण इस प्रकार है:

  • नीलेश ट्रेडर्स (हागगंज बाजार): संचालक राजेश वीरानी के प्रतिष्ठान से लगभग 1.75 लाख रुपये मूल्य की अवैध सिगरेट जब्त की गई।
  • पमनानी ट्रेडर्स (आंबेडकर वार्ड): संचालक सनी पमनानी की दुकान से करीब 1.20 लाख रुपये की संदिग्ध सिगरेट बरामद की गई।
  • कार्रवाई: दोनों दुकान संचालकों (राजेश वीरानी और सनी पमनानी) के विरुद्ध अपराध दर्ज कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस महत्वपूर्ण संयुक्त कार्रवाई में कोतवाली पुलिस की ओर से उप निरीक्षक संजीव उईके, मृदुल पटैल, यमुना सनोडिया, प्रियांश पाठक, रमेश सिंगरोरे और आशुतोष उपाध्याय मौजूद रहे। वहीं, सिक्योर ब्रांड आईपी एंड कॉपीराइट सर्विसेज की तरफ से राज ठाकुर और गौरव कुमार श्रीवास्तव ने भी अहम भूमिका निभाई।


Leave a Comment