तेज बहाव में बहे दो युवक, दोनों सुरक्षित

तेज बहाव में बहे दो युवक, दोनों सुरक्षित

  • एक को ग्रामीणों ने बचाया, दूसरे ने पेड़ पकड़कर बचाई जान
  • नैनपुर से निवारी-मक्के-डिठौरी मार्ग में निर्माणाधीन बंधा पुलिया पर हादसा

मंडला महावीर न्यूज 29. थाना क्षेत्र नैनपुर के अंतर्गत निवारी-मक्के-डिठौरी से मंडला मार्ग को जोडऩे वाली बंधा पुलिया पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। डिठौरी से सगोनिया की ओर जा रहे दो युवक उफनते पानी के बीच बाइक सहित पुलिया से नीचे बह गए। राहत की बात यह रही कि एक युवक को ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया, वहीं दूसरे युवक ने भी एक पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचा ली। जिला प्रशासन ने रैनी सीजन में पुल, पुलिया में पानी होने के दौरान उसे पार ना करने की अपील की है।

रात के अंधेरे में हुआ हादसा

जानकारी अनुसार नैनपुर के बंजारा टोला निवासी प्रभान मरावी पिता गणेश मरावी और सिकंदर कुड़ापे पिता रवि कुड़ापे बाइक पर सवार होकर डिठौरी से सगोनिया जा रहे थे। वहीं सोमवार को क्षेत्र में तेज बारिश होने के कारण जल स्तर बढ़ गया। रात के समय बंधा पुलिया उफान पर आई बंधा पुलिया को पार करते समय दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गए।

दोनों युवकों की बची जान

तेज बहाव में बहने के दौरान प्रभान मरावी खुशकिस्मती से झाडिय़ों में फंस गया, जिसे चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं सिकंदर कुड़ापे बाइक सहित पानी के तेज बहाव में बह गया। जिसके बाद युवक की तालाश की गई, लेकिन युवक का पता नहीं चला। इसकी जानकारी तत्काल एसडीईआरएफ को दी गई। मंगलवार सुबह पता चला कि युवक सिकंदर तेज बहाव में बहते हुए करीब दो किमी दूर स्वयं को बचाने में सफल रहा और अपनी जान बचा ली।

निर्माणाधीन है पुलिया, चेतावनी संकेत भी थे मौजूद 

यह सड़क मार्ग लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आता है। क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए हाल ही में पीएचई कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके की स्वीकृति के बाद इस पुलिया का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। निर्माण कार्य के चलते रास्ता प्रभावित था और वहां चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे। इसके बावजूद युवक उफनते पानी के बीच से निकलने का प्रयास कर रहे थे और हादसे का शिकार हो गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान पुल, पुलियों पर पानी का तेज बहाव होने पर उसे पार ना करे, ऐसी लापरवाही जान लेवा साबित हो सकती है। सावधान रहे, सुरक्षित रहे।


Leave a Comment