मंगलू बैगा टोला में भ्रष्टाचार की खुली पोल
पहली ही बारिश में उखड़ी एक करोड़ की लागत से बनी सड़क, पुलिया भी क्षतिग्रस्त
- जनपद अध्यक्ष ने लकड़ी से कुरेद कर दिखाई घटिया निर्माण की सच्चाई
- ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकासखंड मोहगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहगांव माल के मंगलू बैगाटोला में सड़क निर्माण के नाम पर बड़े भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क जनमन योजना के तहत लगभग 100.58 लाख रुपये की लागत से निर्मित 1.75 किलोमीटर लंबी सड़क पहली ही बारिश का सामना नहीं कर सकी। सड़क जगह-जगह से उखडऩे लगी है और नवनिर्मित पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
लकड़ी से घिसते ही उखडऩे लगा डामर
सड़क की दुर्दशा की शिकायत मिलने पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गत सिंह भवेदी, उपाध्यक्ष शिवकुमार मिश्रा, जनपद सदस्य श्रवण परते और पंच इमरान खान मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जनपद अध्यक्ष ने जब अपने हाथ में एक छोटी-सी लकड़ी लेकर सड़क की सतह को हल्का-सा घिसा, तो डामर और गिट्टी की परत रेत के टीले की तरह आसानी से उखडऩे लगी, जिसने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी।

मानकों की उड़ी धज्जियां
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में न तो मानक के अनुसार रोलर चलाया गया और न ही निर्धारित मोटाई की परत डाली गई। केवल गिट्टी और डामर की पतली परत बिछाकर खानापूर्ति कर दी गई। जिस सड़क का क्षेत्रवासियों को वर्षों से इंतजार था, उसकी यह हालत देखकर ग्रामीणों में भारी रोष है। बताया गया कि स्थल पर लगे बोर्ड में इस मार्ग का निर्माण मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के तहत कराया गया है और इसका ठेका मंडला की मैसर्स वर्धमान ग्लोबल इंफ्रा प्रा. लि. को दिया गया था।

कार्रवाई की मांग
निरीक्षण के बाद जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से इस घटिया निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क व पुलिया का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए। अब क्षेत्रवासियों की नजर जिला प्रशासन पर है कि वह इस मामले में क्या कदम उठाता है।










