जमीन विवाद में खूनी खेल

जमीन विवाद में खूनी खेल

सगे भाई ने घर में घुसकर कुल्हाड़ी से की भाई की निर्मम हत्या, पत्नी गंभीर

  • देल्हा गांव में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात
  • पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी भाई को किया गिरफ्तार

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देल्हा में सोमवार को एक जमीन विवाद ने खूनी और खौफनाक रूप ले लिया। एक सगे भाई ने अपने ही भाई के घर में घुसकर कुल्हाड़ी से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात में भाई शिव दयाल जंघेला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी आशा बाई गंभीर रूप से घायल हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय घर में मौजूद मृतक का मासूम बेटा बाल-बाल बच गया।

लंबे समय से चल रहा था विवाद 

जानकारी अनुसार दोनों भाइयों शिव दयाल और रामगुलाम जंघेला पिता गंगाराम जंघेला के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रामगुलाम गुस्से में कुल्हाड़ी लेकर शिव दयाल के घर पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घायल पत्नी जबलपुर रेफर, आरोपी गिरफ्तार 

घटना की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल आशा बाई को तत्काल नैनपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्यारे भाई को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। एक मामूली जमीन विवाद के कारण हुई इस दिनदहाड़े हत्या से ग्राम देल्हा में भारी सनसनी और दहशत का माहौल है।


Leave a Comment