कान्हा के बफर जोन में चीतल का शिकार

कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में चीतल का शिकार

एक आरोपी गिरफ्तार, एक किशोर को भेजा गया संप्रेक्षण गृह

  • चीतल का मांस पकाते पकड़ाए शिकारी
  • एक आरोपी फरार
  • वन विभाग ने वन्यजीव अधिनियम के तहत की सख्त कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29.  कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत बफर जोन वनमंडल के खटिया परिक्षेत्र में एक चीतल के अवैध शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस कृत्य में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अपचारी किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

मांस पकाने की तैयारी में थे शिकारी

जानकारी अनुसार खटिया परिक्षेत्र की बीट बटवार के राजस्व क्षेत्र में शिकारियों द्वारा एक चीतल का अवैध शिकार किया गया था। शिकारी उसके मांस को अवैध रूप से अपने कब्जे में रखकर पकाने का प्रयास कर रहे थे। इसकी भनक लगते ही वन विभाग की टीम ने दबिश दी और वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।

आरोपी जेल में, किशोर जबलपुर रेफर

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी भैयालाल (निवासी बटवार) को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जिला जेल, मंडला भेज दिया गया है। वहीं, प्रकरण में शामिल एक अपचारी किशोर को विधि अनुसार अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह, जबलपुर भेजे जाने के आदेश दिए गए हैं।

वन विभाग की सख्त चेतावनी और अपील

वन विभाग की टीम फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है और प्रकरण की विवेचना अभी जारी है। विभाग ने सख्त लहजे में कहा है कि वन्यजीव अपराधों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उन्हें वन्यजीवों, उनके अंगों अथवा मांस से संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वे तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दें।


Leave a Comment